देश में कोरोना मरीजों की संख्या 12 लाख 88 हजार 130 हो चुकी है। गुरुवार को रिकॉर्ड 48 हजार 446 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक एक दिन में संक्रमितों के मिलने का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। गुरुवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,895, आंध्र प्रदेश में 7,998, तमिलनाडु में 6,472 और कर्नाटक में 5,030 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, रेलवे ने बताया कि देश में 9 जुलाई तक 4165 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। अब इनकी कोई मांग नहीं है। इसके जरिए 63 लाख लोगों को उनके घर तक पहुंचाया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वीके यादव ने बताया कि अगर कोई राज्य डिमांड करता है तो उस पर विचार किया जाएगा। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि 23 जुलाई तक देश में 1 करोड़ 54 लाख 28 हजार 170 टेस्ट किए जा चुके हैं। गुरुवार को 3 लाख 52 हजार 801 टेस्ट हुए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 49 हजार 310 केस सामने आए और 740 मौतें हुईं। इसके साथ देश में संक्रमितों की कुल संख्या 12 लाख 87 हजार 945 हो गई है। इनमें 4 लाख 40 हजार 135 एक्टिव केस हैं और 8 लाख 17 हजार 209 मरीज ठीक हो चुके हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा, 'मैं सभी धार्मिक संस्थान और ट्रस्टों से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क समेत कोविड-19 से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की अपील करता हूं। सभी लोग धार्मिक स्थलों पर मास्क पहनकर जाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए लगातार सार्वजनिक एनाउंसमेंट किया जाए।'