देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब तक 13 लाख 37 हजार 22 हो चुकी है। शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 48 हजार 895 मरीज मिले। यह अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। देश में सिर्फ दो दिन में 97338 मरीज मिले। शुक्रवार को 48 हजार 443 केस सामने आए थे। वहीं, पिछले 24 घंटे में 761 लोगों की मौत हो गई। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। को-वैक्सीन का दिल्ली के एम्स में ट्रायल शुरू हो गया है। पहले दिन शुक्रवार को 30 साल के एक शख्स को वैक्सीन लगाई गई। अच्छी बात यह रही कि वैक्सीनेशन के बाद शख्स को किसी भी प्रकार का रिएक्शन नहीं हुआ। एम्स ने बताया कि अब धीरे-धीरे ट्रायल में वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार और रविवार को जनता कर्फ्यू लगाया गया है। आज सुबह बाजार बंद रहे और सड़कें खाली दिखीं। नागपुर में अब तक 3 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। 40 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को शहर में 199 केस आए और 2 लोगों की मौत हुई। कोलकाता एयरपोर्ट पर आज भी फ्लाइट ऑपरेशन बंद रखा गया है। यह 29 जुलाई तक रहेगा। दिल्ली में जल्द ही सिनेमा घरों को खोल दिया जाएगा। इसके लिए राजधानी के सिनेमा घरों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पीवीआर सिनेमा के सीईओ जी दत्ता ने कहा कि हम सैनिटाइजेशन और मास्क लगाने जैसे नियमों का पालन करेंगे।