अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। रविवार रात को भी वॉशिंगटन डीसी के यू स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट में एक म्यूजिकल प्रोग्राम में फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें एक टीनेजर की मौत हो गई, जबकि पुलिस अधिकारी सहित 3 लोग घायल हुए हैं। डीसी पुलिस यूनियन ने भी इसकी पुष्टि की है। फिलहाल, घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। स्थानीय अमेरिकी मीडिया आउटलेट के अनुसार, शूटिंग 14वें और यू स्ट्रीट पर 'मोचेला' नामक एक जुनेटीन म्यूजिकल प्रोग्राम की साइट पर या उसके पास हुई। इसमें एक एमपीडी अधिकारी के पैर में गोली लगने के साथ और भी लोगों के घायल होने की खबर है। खास बात यह है कि यह इलाका व्हाइट हाउस से 2 मील से भी कम दूरी पर है। अमेरिका में गन फायरिंग की घटनाएं हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी हैं। इसकी वजह वहां के गन कल्चर को माना जाता है। अमेरिका में गन खरीदना दुनिया में सबसे आसान है और दुनिया में सबसे ज्यादा सिविल गन्स अमेरिका में ही हैं।