दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार 3 फरवरी को करीब 3 घंटे से सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर खड़ी है। क्राइम ब्रांच के अधिकारी AAP विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में केजरीवाल को सुबह करीब 10 बजे नोटिस देने गए थे। दिल्ली CMO के सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल आवास पर नहीं है। उनकी गैरमौजूदगी में CMO नोटिस लेने के लिए तैयार है, लेकिन क्राइम ब्रांच के अधिकारी उन्हें रिसीविंग नहीं दे रहे हैं। इसे लेकर दोपहर 1 बजे तक क्राइम ब्रांच और CMO के अफसरों के बीच बहस होती रही। AAP ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा- मोदी ने केजरीवाल के घर तमाशा करने के लिए पुलिस भेजी है। भाजपाई पुलिस एक सवाल का जवाब भी नहीं दे पाई। किस कानून में लिखा है नोटिस सिर्फ मुख्यमंत्री को पर्सनली दिया जा सकता है? केजरीवाल ने 27 जनवरी को आरोप लगाया था कि भाजपा ने AAP के 7 विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए 25-25 करोड़ रुपए की पेशकश की है। साथ ही केजरीवाल सरकार को गिराने की धमकी भी दी है। केजरीवाल के मुताबिक, भाजपा ने AAP के 7 विधायकों से कहा कि 21 MLAs से बात हो गई है। बाकी विधायकों से भी बात कर रहे हैं। आप आ जाओ। 25 करोड़ रुपए देंगे और भाजपा की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे।