वृंदावन, ब्रज में ठाकुर जी को लाड लड़ाने की विशेष परंपरा है। इसको उत्सव के रूप में भी मनाया जाता है। इसी क्रम में सप्त देवालयों में से एक ठाकुर श्री राधा रमण लाल का सेवा अमृत महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। जिसकी जानकारी देते हुए भागवताचार्य पुंडरीक गोस्वामी ने बताया कि लगभग ढाई वर्ष के बाद यह उत्सव मनाने का मौका मिला है। इस उत्सव में ठाकुर जी को विभिन्न प्रकार के फूल बंगलो में विराजमान किया जाएगा। यह उत्सव 11 जुलाई से प्रारंभ होकर 18 जुलाई तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन प्रातः काल ठाकुर जी को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर में गोपीनाथ बाजार स्थित उत्सव मंडपम में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 1008 ब्राह्मणो के द्वारा श्रीमद् भागवत जी का संस्कृत में पाठ चल रहा है। सायंकाल मंदिर के बाहर बने हुए रास चबूतरा पर निमाई पाठशाला के द्वारा भाव प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन संध्या काल के समय ठाकुर जी को भव्य एवं दिव्य फूल बंगले में विराजमान किया जाएगा। ठाकुर जी प्रतिदिन नित्य नए रूप में दर्शन देंगे। इसी क्रम में प्रतिदिन अन्न क्षेत्र का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें हजारों की संख्या में भक्त प्रसाद भी ग्रहण कर रहे हैं। वृंदावन के देवालयों में अपने प्रिय प्रीतम को लाल लड़ने की परंपराओं में से फूल बंगला कला अपना विशिष्ट स्थान रखती है। देश के कौने-कौने से विभिन्न प्रकार के फूलों को मंगाकर विशेष फूल बंगले का निर्माण किया जाता है। ग्रीष्म काल में ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रकार के फूलों से निर्मित बंगले में विराजमान किया जाता है इस मौसम में ठाकुर जी के राग, भोग और श्रृंगार पर विशेष जोर दिया जाता है। अमृत महोत्सव में मुख्य रूप से विभूति कृष्ण गोस्वामी, योगेश गोस्वामी, पंकज गोस्वामी, दीनू गोस्वामी, देवेश, अक्षय भरतिया, गोपाल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।