सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने आज 12वीं क्लास का रिजल्ट घोषित किया है। टॉप 3 में यूपी के 6 बच्चों ने जगह बनाई है। नोएडा की मेघना श्रीवास्तव ने 499 अंक पाकर टॉप किया है तो वहीं, मेरठ की रहने वाली अनन्या सिंह ने 497 अंको के साथ तीसरे स्थान पर रही। 497 अंको के साथ 6 छात्र-छात्राओं ने तीसरे स्थान में जगह बनाई है। मेरठ की अनन्या सिंह ने 497 नंबर लाते हुए ना केवल मेरठ टॉप किया बल्कि ऑल इंडिया थर्ड रैंक भी हासिल की है। मेरठ के पब्लिक गर्ल्स स्कूल की 12वीं की छात्रा अनन्या ह्यूमैनिटी स्ट्रीम की छात्रा थीं। अनन्या अपने रिजल्ट को देख खुश हैं। अनन्या के साथ उसका पूरा परिवार और स्कूल प्रबंधन भी उसकी कामयाबी से बेहद खुश है। अनन्या सिंह ने बताया कि वह लगभग छह घंटे रोज पढ़ाई करती थी और अब आगे उसका इरादा सिविल सर्विसिज की तैयारी करना है। अनन्या ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने परिवार और टीचर्स को दिया है। अनन्या सिंह के पिता पुलिस इंस्पेक्टर हैं और मां हाउस वाइफ हैं। क्या कहना है मां का - अनन्या सिंह की मां प्रवेशश्री अपनी बेटी की कामयाबी से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी पढ़ाई को लेकर गंभीर है और उसके लिए उसने बहुत मेहनत की है। क्या कहा स्कूल प्रिंसिपल ने - स्कूल की प्रिंसिपल सपना आहूजा ने बताया कि हमें इस बच्ची से ही उम्मीद थी। इसने कभी क्लास मिस नहीं की अन्नया रोज स्कूल आती थी और स्कूल द्वारा चलाए जाने वाले एक्सट्रा क्लास में भी मौजूद रहती थी। - उन्होंने बताया कि अनन्या सिंह बहुत होशियार और होनहार छात्रा है। अन्नया स्कूल की सबसे अच्छी छात्रा थी वो हमेशा पढ़ाई को लेकर सीरियस रहती है। कब हुए थे एग्जाम? - 12वीं के एग्जाम 5 मार्च से 13 अप्रैल तक हुए थे, जिसमें 11,86,306 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। - इस साल देश में 4,138 और अन्य देशों में 71 सेंटर बनाए गए थे। 12th इकोनॉमिक्स का पेपर 25 अप्रैल को हुआ - इस साल बोर्ड एग्जाम के पेपर लीक होने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन बोर्ड ने हमेशा इससे इनकार किया। हालांकि, बाद में 10वीं के मैथ्स और 12वीं के इकोनॉमिक्स के पेपर लीक की खबरों को बोर्ड ने माना। बोर्ड ने ये पेपर दोबारा कराने का फैसला लिया, जिसका काफी विरोध हुआ। इसके बाद बोर्ड ने 10वीं का मैथ्स का पेपर दोबारा करने का फैसला टाल दिया, लेकिन इकोनॉमिक्स का पेपर 25 अप्रैल को हुआ था।