यहां के नामचीन शायर हाशिम फिरोजाबादी को मनचलों की हरकत का शिकार हो रही बेटी को बचाना भारी पड़ा है। मनचलों ने दबंगई दिखाते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और हाशिम पर एसिड अटैक कर दिया। इस घटना से हाशिम का चेहरा झुलसा है। साहित्यकर्मी इस घटना से आक्रोशित हैं। आहत हाशिम ने फिरोजाबाद शहर को छोड़ देने की चेतावनी दी है। डीएम ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। आरोपी फरार हैं। राष्ट्रीय स्तर पर है ख्याति: हाशिम फिरोजाबादी की कवि सम्मेलन व मुशायरों में राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति है। दरअसल, एक व्यक्ति ने शायर हाशिम को बताया कि एक मनचला उसकी बेटी को परेशान कर रहा है। इसलिए वह बेटी की पढ़ाई छुड़ाने को मजबूर है। हाशिम ने उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी। लेकिन मजबूर पिता ने पुलिस के पास जाने से इंकार कर दिया। इस पर हाशिम ने खुद मनचले को समझाने का निर्णय लिया। बताया जाता है कि शायर हाशिम मनचले को समझाने के लिए उसके घर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही प्रकरण के संबंध में बात शुरू की तो विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि मनचलों ने परिवार के साथ मिलकर हाशिम के परिवार वालों से मारपीट की और उन पर एसिड अटैक कर दिया। झुलसे हाशिम को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। हालांकि हाशिम ने अभी इस प्रकरण में केस दर्ज नहीं कराया है। डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि सीओ और थाना प्रभारी से को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच कराई जा रही है। आरोपियों पर गैंगस्टर भी लगेगा। पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।