समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने सोमवार को झांसी में पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर केस पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा, इस मामले में मैंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था, लेकिन वह भी पुलिस की भाषा बोलकर न्याय नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीपरी बाजार इलाके के लहरगिर्द में चार लोगों को जलाकर मार डाला गया। लेकिन इसे हादसा बताया गया। अब इन मुद्दों को संसद में उठाएंगे और पीड़ितों को न्याय दिलाएंगे। सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि आज पूरे उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। जहां देखो वहां संगीन अपराध हो रहे हैं। जनता भयभीत है। झांसी पुलिस द्वारा कथित पुष्पेन्द्र एनकाउंटर किसी से छिपा नहीं है। एनकाउंटर की आड़ में पुलिस ने पुष्पेन्द्र यादव की हत्या की है। पुलिस के खिलाफ हत्या का मुकदम दर्ज कराने की मांग की जा रही है। इसके बाद भी अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। सांसद ने कहा, अभी यह घटना शांत भी नहीं हुई थी कि झांसी के सीपरी बाजार इलाके में चार लोगों को जिंदा जलाकर मार डाला गया। इसमें भी पुलिस ने हत्या को छिपाते हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से घर में आग लगना बताया जा रहा है। जब दबाब हुआ, तब कहीं जाकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई हत्या की घटना है। ऐसी कई घटनाएं हैं, जिनसे कहा जा सकता है कि प्रदेश में जंगलराज है। अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रदेश की योगी सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन अपराधियों को पुलिस को पकड़ना चाहिए, उनकी पुलिस सुरक्षा कर रही है।