हरियाणा विधानसभा चुनावों की फील्ड जम चुकी है, सभी दल अब तेजी से गतिविधियों को अंजाम देंगे। भारतीय जनता पार्टी ने जहां टिकट मिलने से रूठे नेताओं को मनाने का बीड़ा उठाया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रैलियां तय कर दी हैं। माेदी की चार रैलियां हाेंगी। वे एक रैली को दंगल गर्ल बबीता फोगाट के लिए चरखी दादरी में करेंगे। दोनों ही दिग्गज मंत्रियों अमित शाह और राजनाथ सिंह की 12-12 रैलियां होंगी। पार्टी पहले ही 40 स्टार प्रचारकों की डयूटी भी चुनाव में लग चुकी है। अगले 13 दिनों तक समूचे हरियाणा के लिए रैली और रोड शो होंगे। रैली में सभी विधानसभाओं के प्रत्याशी भी शामिल होंगे। भाजपा नेता जवाहर यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहली रैली बल्लभगढ़ में 14 अक्टूबर को होगी। जहां से वे दक्षिण हरियाणा यानी पलवल, फरीदाबाद, मेवात और गुड़गांव को कवर करेंगे। 15 को दो रैली होंगी। सुबह 10 बजे दादरी और दोपहर बाद कुरुक्षेत्र में। चौथी रैली 18 को हिसार में होगी। दादरी की रैली से पीएम 16 विधानसभा सीटों को कवर करेंगे। वहीं कुरूक्षेत्र की रैली से समूचे जीटी बेल्ट के इलाकों की विधानसभाओं को कवर किया जाएगा। जो नाराज चल रहे उन्हें मनाया जा रहा भाजपा की ओर से सीएम ने सबसे पहले मोर्चा संभाला है। वे दर्जनभर विधानसभाओं में दो दिन तक दौरे करेंगे। इसी अवधि में जहां उनकी जनसभाएं भी होंगी, वहीं जो अपने नाराज हैं, उन्हें भी मनाएंगे। रविवार को वे रोहतक, नारायणगढ़, पेहवा, रादौर, जगाधरी और यमुनानगर में पहुंचे। कई नेताओं के साथ जहां मंत्रणा हुई, वहीं रात्रि में भी जीटी बेल्ट में जीत के लिए रणनीति बनाई। सोमवार को वे बेरी, कलानौर, समालखा, बरवाला, हांसी और हिसार के दौरे पर रहेंगे। सभी मिलकर मनाएंगे अपनों को: तोमर भाजपा के हरियाणा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर के अनुसार पार्टी में एक-दो ही नेता ऐसे हैं, जो कुछ नाराज हैं, उन्हें भी मना लिया जाएगा। तीन दिन तक अभियान चलेगा, इस अवधि में सब अपनों को मना लेंगे। बड़ी संख्या मंे टिकट के चाहने वाले थे, जिन्हें नहीं मिला तो कुछ नाराजगी जताई है। पार्टी तीन दिन में सभी रूठों को मनाएगी। इसे एक अभियान के रूप में लिया जाएगा। उन्होंने माना कि अपने नाराज हैं, एक दो नेता नहीं सभी मिलकर मनाएंगे। पूरे प्रदेश में भाजपा के नेताओं की डयूटी लगाई गई है। मायावती 16 और 18 को दो रैली करेंगी बसपा सुप्रीमो मायावती 16 और 18 अक्टूबर को रैलियां करेंगी। 16 को दो रैली और 18 को भी दो रैलियों को वे संबोधित करेंगी। बसपा के हरियाणा प्रभारी डॉ. मेघराज ने बताया कि रैलियों को लेकर परमिशन जल्द मिल जाएगी। रैलियों के जरिए समूचे प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों को कवर करने का प्रयास किया जाएगा। सोनिया-राहुल की रैलियां भी होंगी कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के अनुसार हरियाणा विधानसभा चुनावों में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका के अलावा सभी दिग्गज नेताओं की रैलियां होंगी। सोमवार को नई दिल्ली में इस बाबत पार्टी की बैठक होगी और रैलियों की तारीख और समय निर्धारित किया जाएगा।