रसोई गैस संकट के खिलाफ आप छात्रविंग का प्रदर्शन, डीएम के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा मांग पत्र, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

Published on March 30, 2026 | Views: 200

रसोई गैस संकट के खिलाफ आप छात्रविंग का प्रदर्शन, डीएम के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा मांग पत्र, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

लखनऊ: आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग (एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स) द्वारा सोमवार को रसोई गैस आपूर्ति संकट के खिलाफ छात्रों की गंभीर समस्याओं को लेकर राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया गया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में __ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। इस दौरान आप छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई।

इस अवसर पर अनित रावत ने कहा कि मोदी सरकार की विफल विदेश नीतियों के कारण आज पूरा देश रसोई गैस आपूर्ति संकट से जूझ रहा है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव प्रदेश के शैक्षणिक शहरों—लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी—में पढ़ाई कर रहे छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र ऐसे हैं जो 10×10 के छोटे किराए के कमरों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन आज उनके सामने भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि इन छात्रों के पास न तो स्थायी गैस कनेक्शन है और न ही कोई वैकल्पिक साधन जैसे इलेक्ट्रिक चूल्हा उपलब्ध है। अब तक छात्र छोटे दुकानदारों से 2-3 किलोग्राम गैस लेकर किसी तरह अपना गुजारा करते थे, लेकिन अब न तो गैस उपलब्ध है और जहां मिल रही है, वहां 4-5 गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है।

अनित रावत ने कहा कि इस गंभीर संकट के कारण अनेक छात्र 24-24 घंटे भूखे रहने को मजबूर हैं, अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं और कई छात्र तो अपनी शिक्षा बीच में छोड़कर गांव लौटने को विवश हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल गैस आपूर्ति का संकट नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय और शैक्षणिक संकट है, जो प्रदेश के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपा है, जिसमें छात्रों के लिए अलग से रसोई गैस आपूर्ति की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने, 2-3 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर सस्ती और निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने, प्रत्येक शहर में हेल्पलाइन नंबर जारी करने और विश्वविद्यालयों एवं छात्रावासों में सामुदायिक रसोई शुरू करने की मांग की गई है।

अनित रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार युवाओं को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है और जब छात्र अपने हक की आवाज उठा रहे हैं तो उन्हें दबाने के लिए पुलिसिया कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

अंत में अनित रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल प्रभाव से छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी की छात्र विंग पूरे प्रदेश में इस आंदोलन को और उग्र रूप देगी और सड़कों से लेकर विश्वविद्यालयों तक संघर्ष को तेज किया जाएगा।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव आशीष मौर्य प्रदेश सचिव अमन सोनी जिला अध्यक्ष आकाश सिंह, सुरज, आकाश, नीरज, विशु यादव,पवन, आशिफ, दानिश, मनीष व अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इको गार्डन भेज दिया।

Category: Latest news


Latest News