स्मार्ट मीटरों के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, गंगानगर बिजली घर पर जोरदार प्रदर्शन

Published on April 12, 2026 | Views: 181

स्मार्ट मीटरों के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, गंगानगर बिजली घर पर जोरदार प्रदर्शन

फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी की महिलाओं का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। स्मार्ट मीटरों से बढ़ते बिजली बिलों से परेशान महिलाओं ने गंगानगर बिजली घर पर जोरदार प्रदर्शन किया और मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गंभीर आरोप भी लगाए।
महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली खर्च में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे उनका घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उनका आरोप है कि कम खपत के बावजूद मीटर तेजी से रीडिंग दिखा रहे हैं और रोजाना करीब 100 रुपये तक का खर्च आ रहा है।
इंदिरा नगर निवासी शीला देवी ने बताया कि पहले बिजली का बिल सामान्य आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हर दिन करीब 100 रुपये की खपत दिख रही है। “हमें पुराना मीटर ही चाहिए, लेकिन विभाग में कोई सुनवाई नहीं हो रही,” उन्होंने कहा।
वहीं प्रियंका सिंह (इंदिरा नगर, जलेसर रोड) ने बताया कि पहले उनका मासिक बिल 800 से 1000 रुपये के बीच आता था, लेकिन अब बिना ज्यादा उपयोग के भी रोजाना खर्च बढ़ता जा रहा है। “इतनी खपत नहीं है, फिर भी बिल बढ़ रहा है, यह समझ से बाहर है,” उन्होंने कहा।
“9000 रुपये जमा करने के बाद भी कट रही बिजली”
इसी कॉलोनी की मिथलेश शंखवार ने बताया कि फरवरी तक वे करीब 9000 रुपये जमा कर चुकी हैं, इसके बावजूद 15 दिन के भीतर ही बिजली काट दी जाती है। “हम चूड़ी का काम कर परिवार चलाते हैं, इतना खर्च कैसे उठाएं?” उन्होंने सवाल उठाया।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि शिकायत करने पर कर्मचारियों ने कहा—“चिपक कर मर जाओ, लखनऊ में शिकायत करो, यहां से कुछ नहीं होगा।” इस कथित बयान से महिलाओं में और ज्यादा आक्रोश फैल गया।

गुस्साई महिलाओं ने गंगानगर बिजली घर पर जमकर नारेबाजी की और स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Category: Uttar pradesh


Latest News