भाजपा सरकार ने छीना आदिवासियों का हक: अखिलेश यादव

Published on June 24, 2026 | Views: 198

भाजपा सरकार ने छीना आदिवासियों का हक: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके संगी साथियों ने आदिवासियों का हक छीना हैं। आदिवासियों के साथ बड़ी साजिश की जा रही हैं। आदिवासियों के जल जंगल और जमीन पर कब्जा कर रहे है। उनकी परंपराओं को खत्म कर रहे हैं। उनको नौकरियों से वंचित कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने 69000 शिक्षक भर्ती में आदिवासी समाज के किसी नौजवान को नौकरी नहीं दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासियों का जन्मसिद्ध अधिकार है। समाजवादी सरकार आने पर उनके अधिकारों की रक्षा होगी। आदिवासी समाज को हर तरह की सुविधा दी जाएगी।
बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अस्मिता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए बहादुरी के साथ संघर्ष किया। भारत में रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई समेत बड़ी संख्या में बहादुर महिलाओं का इतिहास है, जिन्होंने समाज और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दी। महारानी दुर्गावती का संघर्ष और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार में विश्व स्तरीय लखनऊ गोमती रिवर फ्रंट पर महारानी दुर्गावती की भव्य सोने की प्रतिमा लगाई जाएगी। जनगणना कराकर आदिवासी भाइयों बहनों को उनकी आबादी के हिसाब से हक और सम्मान दिलाने का काम करेंगे। सामाजिक और राजनीतिक हर क्षेत्र में स्थान दिलाया जाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार में अधिकारी गांव-गांव जाकर खुद आदिवासी समाज के भाइयों-बहनों का प्रमाण पत्र बनाएंगे, उन्हें प्रमाण पत्र के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। आदिवासी समाज मांग करेगा तो उनके समाज में जो भी हत्याएं हुई हैं उनकी सीबीआई से जांच कराई जाएगी। जिन परिवारों की हत्याएं हुई हैं उनकी मदद की जायेगी। आदिवासी भाइयों-बहनों को लोहिया आवास के तहत पक्का मकान दिया जाएगा। अनुसूचित जनजाति के लिए अलग से आयोग बनाया जाएगा। अनुसूचित जनजाति, आदिवासी समाज के नौजवानों को दो फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
अखिल भारतीय गोंड महासभा का लखनऊ में पीडीए भवन होगा। आदिवासियों की केजी से पीजी तक पढ़ाई मुफ्त होगी। आदिवासी समाज के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में आदिवासियों को वनवासी बना दिया गया। सरकार ने उनके जल, जमीन और जंगल को नुकसान पहुंचाया। भाजपा के लोगों ने अपने स्वार्थ में आदिवासियों की लाखों-लाख एकड़ जमीनों को अपने चहेतों को दे दिया। भाजपा की दस साल की सरकार में आदिवासियों के साथ बहुत अन्याय हो रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में न्याय दिलाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए में ‘ए‘ का मतलब आधी आबादी और अल्पसंख्यक के साथ आदिवासी भी है। 2027 में पीडीए अपनी सरकार बनाएगा। पीडीए सरकार में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी।

Category: Politics


Latest News