प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम से समाज को मिलती है नई प्रेरणा : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

Published on July 26, 2026 | Views: 198

प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम से समाज को मिलती है नई प्रेरणा : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

डीग: गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने रविवार को बृजनगर स्थित बूथ संख्या 182 पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 136वें एपिसोड का श्रवण किया।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी मंच बन चुका है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया। साथ ही आत्मनिर्भर भारत की सशक्त होती रक्षा क्षमता का उल्लेख करते हुए आईएनएस महेंद्रगिरि तथा पिनाका मिसाइल प्रणाली जैसी स्वदेशी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया, जो देश की बढ़ती सामरिक शक्ति एवं तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं।

श्री बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 'कैच द रेन' अभियान, जल संरक्षण एवं मध्यप्रदेश में जनसहभागिता से निर्मित चार हजार तालाबों जैसे प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक नागरिक से वर्षा जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और सभी को भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल बचाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को राष्ट्रहित एवं जनकल्याण की दिशा में प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Category: Rajasthan


Latest News