Published on August 24, 2026 | Views: 166
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन चुनाव समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा। जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को असली मुद्दों से भटकाना चाहती है। वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझाकर भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों को पीछे करना चाहती है। भाजपा जनता को उलझाना चाहती है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार ने त्योहार में मंहगाई और बढ़ा दी है। अपने लोगों को मुनाफा कराने के लिए चीनी महंगी कर दी। भाजपा को जनता की चिंता नहीं है, बल्कि उद्योगपतियों को मुनाफा दिलाना है। उन्होंने कहा कि पहले बोरी में खाद चोरी हो रही थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में पशु पालकों के साथ अमानवीय व्यवहार एवं शोषण हो रहा है। लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम ने पशुपालकों की 350 भैंसे जब्त कर ली है। भैंस पालने वालों को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन अपनी नाकामी छुपाने के लिए डेयरी संचालकों का उत्पीड़न कर रहा है। सरकार इस अन्याय को बद करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा वाले अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उनकी सीटें मैंने बांट दीं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोरखपुर एक्सप्रेस-वे सात हजार करोड़ रुपये में बनाया गया। वह जगह-जगह उखड़ गयी। इसी तरह से गंगा एक्सप्रेस-वे ढह गया और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे भी फिर धंस गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह की सड़कें बनाई जा रही हैं, उससे विकास के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। आज विद्यालयों की हालत क्या हो गई है? हम चाहते हैं कि बच्चों को गर्म खाना मिले। समाजवादी पार्टी की सरकार में जो बर्तन खरीदे गए थे, वही आज भी चल रहे हैं। दस साल पुराने गिलास अभी भी इस्तेमाल हो रहे हैं। सरकार को बच्चों की शिक्षा और उनकी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर के बाहर पैसे मांगने वाले लोग भी चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा वालों ने राम मंदिर में चोरी कर ली। जो प्रभु श्रीराम के धन की चोरी कर सकते हैं, वे चुनाव में बेईमानी करने के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है और अब भाजपा को हटाना चाहती है। आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा।
इस अवसर पर लखनऊ के बुद्धेश्वर में डेयरी संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर श्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। श्री अखिलेश यादव ने पीड़ित पशु पालकों की हर संभव मदद करने का आष्वासन दिया।
Category: Politics