Published on August 28, 2026 | Views: 193
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को मथुरा की जिला कारागार में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मथुरा कारागार पहुंचीं। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बहन भाइयों की मुलाकात के लिए बेहतरीन इंतजाम कराए।
रक्षाबंधन के इस पर्व पर करीब 2146 महिला एवं बच्चों ने अपने परिजनों से जिला कारागार में मुलाकात की। कारागार प्रशासन द्वारा पर्व को देखते हुए मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, ताकि किसी भी महिलाओं एवं बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बहनों ने कारागार में निरुद्ध अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। लंबे समय बाद भाई-बहन के इस भावुक मिलन से कारागार का माहौल भी भावनात्मक नजर आया।
कारागार प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मुलाकात की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पहुंचे महिला एवं बच्चों को व्यवस्थित तरीके से मुलाकात कराई गई।
रक्षाबंधन के अवसर पर कारागार में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और रिश्तों की भावनात्मक तस्वीर देखने को मिली।
इस दौरान जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के द्वारा बताया गया कि भाई बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन पर किसी भाई की कलाई सुनी ना रहे इसे देखते हुए कारागार में मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए गए। वहीं जो बहने अपने भाई के लिए किसी कारण वस राखी नहीं ला पाई उन्हें जिला कारागार की तरफ राखी उपलब्ध कराई गई।
Category: Uttar pradesh