पूरे प्रदेश में पीडीए का तूफान आ गया है: अखिलेश यादव

Published on September 24, 2026 | Views: 248

पूरे प्रदेश में पीडीए का तूफान आ गया है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पीडीए रथ से रायबरेली की यात्रा पर थे। लखनऊ से रायबरेली तक लाखों की संख्या में आम जनता ने अखिलेश यादव का जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत किया। रायबरेली के राजकीय इंटर कालेज मैदान द्वितीय में ऐतिहासिक भीड़ ने अखिलेश यादव का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कालेज द्वितीय मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि आज लाखों लाख लोगों ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया है। इतनी बड़ी संख्या में लोग अपने आप पहुंचे। लोगों ने बारिश और मौसम की परवाह किये बिना पहुंचकर इस रथ यात्रा और जनसभा को ऐतिहासिक बनाया। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय का आभार प्रकट करते हुए जिलाध्यक्ष इं0 वीरेन्द्र यादव, विधायक राहुल लोधी, श्याम सुन्दर भारती, समेत पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओ और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में पीडीए का तूफान और हवा चल रही है। रायबरेली में पीडीए बनाम भाजपा तो है ही ऐसा लगता है लोधी बनाम योगी हो गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीतिक कर रही है और भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। जब भाजपा कमजोर पड़ती है तो प्रशासन की आड़ में नकारात्मक राजनीति करती है। भाजपा प्रशासन को आगे कर देती है। आज जो जनसमर्थन समाजवादी पार्टी को मिला है उसे प्रशासन के साथ ही पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है। इस पीडीए की हवा और आन्दोलन से बुलडोजर चलाने वाले नहीं बचेंगे। इस बार जनता के वोट का बुलडोजर भाजपा को हमेशा के लिए हरा देगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभुत्ववादी लोग अपने आप को ताकतवर समझ रहे है। वे समझ ले कि पीडीए सामाजिक आन्दोलन है। इस धरती पर सामाजिक आन्दोलन हमेशा सफल रहे है। पीडीए के अन्दोलन में सभी पीड़ित, दुःखी, अपमानित लोग एक होते जा रहे हैं। पीड़ित दुःखी और अपमानित लोग इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करके मिटाने का काम करेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम अपने लोगों के बीच में जितना प्रेम, दया, अपनापन दिखाएंगे उतना ही पीडीए ताकतवर होता जाएगा। उन्होंने कहा कि जब हम लोगों को जनसमर्थन मिलता है तो अनरजिस्टर्ड, अण्डरग्राउण्ट और सुरंग जीवी लोग अपने आप मैदान छोड़ देते है। उन्होंने कहा कि रथ हमारे देश की संस्कृति में है। रथ महाभारत और कुरू क्षेत्र का प्रतीक है। इसी तरह से रथ पर कभी भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था। उसी तरह से रथ से हमें सीख मिल रही है। जो पीड़ित, दुःखी और अपमानित है वह पीडीए है। इस बार लाइन साफ है। लाईन एकदम खिंच गई है। एक तरफ लोग हैं तो दूसरे तरफ प्रताड़ना देने वाले लोग हैं। इस बार चुनाव में प्रताड़ना देने वाले लोग नहीं बचने पाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि अभी 2024 के लोकसभा चुनाव में हम लोगों ने भाजपा को हराया है। 2027 के चुनाव में भाजपा का परमामेंट सफाया करेंगे। इनके हराएंगे और समाज में भेदभाव खत्म करेंगे। भाजपाई कुर्सी पर बैठते हैं तो लोगों को अपमानित करते हैं। घर मन्दिर गंगा जल से धुलवाते हैं।
उन्होंने कहा कि पीडीए संविधान, आरक्षण, लोकतंत्र, हिन्दुस्तानियत और भारतीय संस्कृति को बचाने के लिए खड़ा है। भाजपा के लोगों ने विधायक राहुल लोधी को अपमानित किया। हमें खुशी है कि समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष से लेकर पूरी पार्टी ने भाजपाईयों का मुकाबला किया। हम लोग अपने लोगों का अपमान नहीं होने देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने बुलडोजर चलाकर काशी में घाट तोड़ दिया। काशी की संस्कृति को तहस-नहस किया। पूज्य राज्य माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को तोड़ दिया। उनके किये गये कार्याें को मिटाने का प्रयास किया। भाजपा ने नफरत फैलाने के लिए सहारनपुर में मस्जिद तोड़ दिया। भाजपा साम्प्रदायिक राजनीति करना चाहती है। भाईचारा को खत्म करना चाहती है। समाजवादी पार्टी भाईचारा प्रेम बढ़ाना चाहती है। हम सभी लोगों को एकजुट करके बंधुराष्ट्र बनाना चाहते है।
उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता अपने वोट के बुलडोजर से भाजपा को हमेशा-हमेशा के लिए हराने का काम करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि एकरंगी मुख्यमंत्री अयोध्या जाने का रिकॉर्ड बना रहे थे। अयोध्या में भगवान प्रभुश्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी हो गया। चढ़ावा और चंदा चोरी में भाजपा के लोग शामिल थे। चढ़ावा चोरी करने वाले सीसीटीवी में पकड़े गए। इन्होंने देश के करोड़ा श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया। जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। चुनाव में इनका हिसाब करेगी। उन्होंने कहा कि अब तो चुनाव आयोग भी वोट चोरी में पकड़ा गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार चरम पर है। अब जनता इन्हें वोट नहीं देगी। भाजपा ने पेट्रोल में मिलावट की। पेट्रोल महंगा किया। पहले खाद की बोरी में चोरी होती थी। अब तो पूरी बोरी ही चोरी कर ली। यह सरकार नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं दे पायी। नौकरी निकली भी तो पेपर लीक करा दिया। पूरे देश में सबसे पेपर लीक उत्तर प्रदेश में हुए। उत्तर प्रदेश में कोई निवेश नहीं आया। फैक्ट्रियां नहीं लगी। रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी बेखौफ है। हर दिन कई-कई हत्याएं हो रही है। बेटियां सुरक्षित नहीं है। गाजीपुर में विश्वकर्मा बेटी के साथ अन्याय हुआ। पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। विश्वकर्मा बेटी को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी के लोग खड़े हुए तो सपा के सरंक्षण में दबंगों ने हमला किया। समय आने पर समाजवादी पार्टी प्रदेश भर में विश्वकर्मा समाज, पासी समाज, लोधी समाज सहित सभी पीड़ित वर्गों के लोगों को न्याय दिलायेगी। हम हाथरस की बेटी के साथ हुए अन्याय को कभी नहीं भूलेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग अपने सजातीय अपराधियों पर बुलडोजर नहीं चलाते है, चाहे वे तालाब, जमीन और घरों पर कब्जा कर ले। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। भाजपा ने शिक्षा स्वास्थ्य सब बर्बाद कर दिया। 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिये। समाजवादी पार्टी की सरकार में एम्बुलेंस सेवा बंद कर दी। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर सभी सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो समाजवादी पार्टी से भागेगा। वह इस बार चुनाव जरूर हारेगा। उन्हांेंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाना और पीडीए की सरकार बनाना। रायबरेली की हर सीट पर भाजपा को हराना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन होगा और सीट जीत का आधार होगा।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पीडीए रथ से लखनऊ से रायबरेली की यात्रा के दौरान ऐतिहासिक स्वागत हुआ। अपार जनसमूह ने जगह-जगह श्री अखिलेश यादव का अभिनंदन किया। अखिलेश यादव के देखने और सुनने के लिए जनता सड़क पर उमड़ पड़ी।
अखिलेश यादव ने सभी लोगों का अभिवादन किया और समर्थन के लिए आभार प्रकट किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी लखनऊ-रायबरेली सीमा चुरूवा पर जैसे ही समाजवादी पीडीए रथ पर सवार हुए उत्साहित भीड़ ने अखिलेश यादव जिन्दाबाद, समाजवादी पार्टी जिन्दाबाद के गगनचुम्बी नारों से जोरदार स्वागत किया। स्वागत में समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता नौजवान, महिलाएं छात्रों ने श्री अखिलेश यादव का स्वागत और अभिनंदन किया। रथ में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी रहे। इस यात्रा में उमड़े जन समुदाय ने उत्तर प्रदेश में परिवर्तन का संदेश दे दिया है।
अखिलेश यादव लखनऊ अपने आवास से सीधे बछरांवा रायबरेली सीमा पर पहुंचे। वहां चुरूआ में श्री हनुमान मंदिर से पीडीए रथ पर सवार हुए। सड़कों के दोनों तरफ जनता ने खड़े होकर अभिवादन किया।

Category: Politics


Latest News