Published on September 25, 2026 | Views: 281
अलीगढ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अलीगढ़ के नौरंगाबाद स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘श्री हनुमंत चरित्र कथा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कथा के समापन अवसर पर उन्होंने व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, माताओं-बहनों एवं बुजुर्गों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा हवन-पूजन में सम्मिलित होकर सभी के मंगलमय एवं सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन एवं विचारों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन भी किया।
मा. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता और अंत्योदय के विचार के महान चिंतक थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को विकास का केंद्र बनाने का विचार दिया। केंद्र और प्रदेश की सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन को जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इन्जन सरकार गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी तथा उत्तर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री एवं इसी धरती के लाल रहे श्रद्धेय कल्याण सिंह के नेतृत्व में भी सरकारों ने जनकल्याण और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। आज डबल इंजन की सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों रामभक्तों की आस्था और लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कारसेवकों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी भूमिका निभाई। भगवान श्रीराम और भगवान हनुमान की कृपा तथा रामभक्तों की आस्था से आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और गौरव का विषय है।
केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी सम्मानजनक जीवन के अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के साथ आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च है और जनता के आशीर्वाद से ही देश और प्रदेश की दिशा तय होती है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान श्रीराम, भगवान हनुमान और पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
केशव मौर्य ने कहा कि हनुमंत चरित्र कथा के समापन अवसर पर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान हनुमान तथा कथा व्यास के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए आयोजन के लिए पाराशर परिवार एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पाराशर परिवार की ओर से उप मुख्यमंत्री को हनुमान जी की प्रतिमा एवं गदा भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद सतीश कुमार गौतम, अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, ऋषिपाल सिंह, विधायक रवेन्द्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी, अनिल पाराशर, महापौर प्रशांत सिंघल, कृष्णपाल सिंह ‘लाला’, शिवनारायण शर्मा, चौधरी देवराज सिंह, ठाकुर गोपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Category: Latest news