भाजपा को चुनाव जीतने के लिए हेराफेरी धांधली ओर चोरी करनी पड़ रही है: अखिलेश यादव

Published on October 27, 2026 | Views: 303

भाजपा को चुनाव जीतने के लिए हेराफेरी धांधली ओर चोरी करनी पड़ रही है: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, उसी दिन भाजपा हार जाएगी। भाजपा को चुनाव जीतने के लिए हेराफेरी, धांधली और चोरी करनी पड़ रही है, पूरा प्रशासन लगाना पड़ रहा है। भाजपा साजिश और षडयंत्र कर रही है। एआईआर के बहाने वोट काट दिया। चुनाव में समय नहीं बचा है। एसएसआर किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मैनेजमेंट करके चुनाव लड़ रही है। भाजपा चुनाव लड़ने और वोट पाने के लिए पार्टी को कारपोरेट हाउस की तरह चला रही है। चुनाव में भाजपा के साथ देश की तमाम आर्थिक संस्थाएं जुट जाती हैं। चुनाव में लाभकारी योजनाओं के माध्यम से एक तरफ सरकार और प्रशासन का बजट लगाया जाता है वहीं दूसरी तरफ बड़ी-बड़ी कम्पनियां भी भाजपा के लिए लग जाती है। बैलेट खुलने से पहले ही भाजपा को आगे कर देतीं हैं। साढ़े आठ बजे ही भाजपा की सरकार बनवा देती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रीपेड पार्टियों से सावधान रहना है। इनका ओटीपी भी कहीं और से आता है। माइक, लाउडस्पीकर किसी और दल के होते हैं। ये डोरी से चलते हैं। डोरी खतम खेल खतम।
मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लगातार बेईमानी और चोरी कर रही है। लोकतंत्र को खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। पीड़ित और पीड़ा देने वालों के बीच का चुनाव है, जिस समय पीड़ित, दुखी, अपमानित, पीडीए के लोग एकजुट हो जाएंगे उसी समय भाजपा का हमेशा के लिए सफाया हो जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि कई कैमरे तो भाजपा की भक्ति में इतने डूबे हैं कि उन्हें लाल रंग भी भगवा या नारंगी दिखाई देता है। उन्हें भी सब कुछ एकरंगी दिखाई देता है। ऐसे लोग नकारात्मक होते हैं। भाजपा के स्पॉन्सर्ड कैमरे तय करते हैं कि गमछे का रंग क्या है।
उन्होंने कहा कि विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के हुए चुनाव में भाजपा चोरी, बेईमानी से बाज नहीं आयी। बैलेट बॉक्सों में बिना फोल्ड किए वोट मिले हैं। खुले बैलेट मिले, यह बिना प्रशासन की मदद के नहीं हो सकता है। यादव ने एक बार फिर कहा कि वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ दिया जाय। आज तकनीकी का समय है। देश के सभी नागरिकों के आधार कार्ड बन गए है। सबका बायोमेट्रिक है। बायोमेट्रिक मशीन को आधार के जरिए वोटर लिस्ट से जोड़कर मतदान कराना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में गरीबों के राशन के लिए पीडीएस योजना की शुरुआत की थी, जिससे गरीबों के राशन में घपलेबाजी को रोका जाय। रतन टाटा जी खुद आए थे और समाजवादी सरकार में इसकी शुरुआत हुई थी। अगर पीडीएस सिस्टम, टीचर की अटेडेंस के लिए बायोमेट्रिक मशीन का प्रयोग किया जाता है तो वोटरलिस्ट को जोड़ने के लिए क्यों नहीं किया जा रहा है। श्री यादव ने कहा कि देखा जा रहा है जो भाजपा का सदस्य है उसी का वोट बनाया जा रहा है। उसी को भारत का नागरिक माना जा रहा है। चुनाव में जहां समाजवादी पार्टी समर्थकों का वोट है वहां एक ही मशीन लगायी जाती है लेकिन जहां भाजपा समर्थकों का वोट है वहां ज्यादा मशीन लगायी जाती है, जिससे उनके वोट जल्दी-जल्दी पड़ जाए। सपा समर्थकों के वोट रोकने के लिए नई-नई साजिश और षडयंत्र हो रहा है।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की पुलिस को खराब कर दिया है। पुलिस की बिगड़ी व्यवस्था को देखकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को कई बार तल्ख टिप्पणी करनी पड़ी। कई बार कप्तानों को खुद कोर्ट में खड़ा होना पड़ा। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश हिरासत में मौतों के मामले में नम्बर वन है। कई अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार डेटा प्रोटेक्शन की बात कर रही है और स्कूलों को बंद कर रही है। जिससे पीडीए समाज के बच्चे शिक्षा से दूर हो जाएं। बहेड़ी में चीनी मिल बंद हो रही है। बहेड़ी के किसानों का 162 करोड़ रुपए बकाया है। समाजवादी सरकार बनेगी तो 24 घंटे में किसानों को बकाया 162 करोड़ रुपया भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गन्ना किसानों को आंदोलन और मांगों से रोक रही है। गेट बंद कर देती है किसान गन्ने का मूल्य मांगता है तो प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार एथेनाल से मुनाफा कमा रही है लेकिन किसानों को गन्ने का सही मूल्य नहीं दे रही है। भाजपा किसान, नौजवान विरोधी है। युवाओं को नौकरी, आरक्षण नहीं दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी में गद्दी और बुद्धी का कितना तालमेल है, इसको सभी लोग जानते हैं। वे लैपटाप चलाना कब सीखेंगे, टैबलेट भी नहीं चला पाते हैं। आज तक उत्तर प्रदेश में एक भी बिजली का कारखाना नहीं लगा पाए, बिजली कारखाने की बात तो छोड़िए मुख्यमंत्री जी उसका नाम भी नहीं ले पाते हैं। इन्वेस्टमेंट को लेकर बड़ी बड़ी बाते होती थी, सरकार बताए कितना निवेश आया। कितने कारखाने लगे। इस सरकार में सिर्फ अन्याय और भ्रष्टाचार हो रहा है। प्रदेश और केन्द्र भाजपा की दोनों सरकारें फेल है। सीमा पर घुसपैठ हो रही है। चीन घुसपैठ कर रहा है लेकिन इसे कहने की सरकार की हिम्मत नहीं हैं। अगर ये चीन के घुसपैठ को बोल देंगे तो उनका व्यापार बंद हो जाएगा। भाजपा के लोग सबसे ज्यादा व्यापार चीन से कर रहे हैं। चीन भारत का बाजार तो छीन हीं रहा है, सीमा पर भी अतिक्रमण कर रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद नीरज मौर्य, पूर्व सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद, वीरपाल यादव पूर्व सांसद, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, अताउर्रहमान एमएलए, सहजिल इस्लाम एमएलए एवं बब्बू खां पूर्व विधायक मौजूद रहे।

Category: Politics


Latest News