Published on November 2, 2026 | Views: 233
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
एसपी सिटी राजीव कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया यातायात नियमों का संदेश
मथुरा। जनपद में सोमवार, 2 नवंबर को यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया गया। रेलवे ग्राउंड स्थित ब्रजरज उत्सव परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी राजीव कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने यातायात जागरूकता के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में एसपी सिटी राजीव कुमार ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने लोगों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। इसके साथ ही यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और दूसरों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
Category: Uttar pradesh