Published on November 14, 2026 | Views: 278
वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन के विशालतम श्री रंगनाथ मंदिर में शनिवार को भगवान रंगनाथ का अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान ने गिरिराज गोवर्धन धारी स्वरूप में भक्तों को दर्शन देकर कृतार्थ किया। बांसुरी धारण किए भगवान गोदा रंगमन्नार को विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। ठाकुरजी के मनोहारी दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
दक्षिण भारतीय शैली के प्रसिद्ध श्री रंगनाथ मंदिर में कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर अन्नकूट महोत्सव मनाने की प्राचीन परंपरा है। इसी परंपरा के अंतर्गत मंदिर प्रबंधन द्वारा विधि-विधान के साथ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर के सेवायत एवं पुजारी तैयारियों में जुटे रहे। करीब 12 बजे धूर गोले की आवाज के साथ दर्शन खुलते ही मंदिर परिसर भगवान रंगनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इस दौरान सेवायत पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुरजी की पूजा-अर्चना एवं आरती की। गिरिराज धारी स्वरूप में विराजमान भगवान की कुंभ आरती उतारकर उन्हें अन्नकूट का भोग निवेदित किया गया। स्वर्ण एवं रजत निर्मित थालों में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मंदिर के पुरोहित विजय मिश्र ने बताया कि ब्रज के मंदिरों में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान गोदा रंगमन्नार भगवान राधा-कृष्ण के ही स्वरूप हैं, इसलिए दक्षिण भारतीय शैली के श्री रंगनाथ मंदिर में इस उत्सव को विशेष प्रमुखता के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि अन्नकूट में अर्पित किए जाने वाले व्यंजनों को तैयार करने में मंदिर के पुजारी एवं रसोइये पिछले तीन दिनों से जुटे हुए थे।
उत्सव के अंतर्गत मंदिर के स्वर्ण स्तंभ के समीप गाय के गोबर से गिरिराज गोवर्धन की आकर्षक आकृति भी बनाई गई। अन्नकूट दर्शन के उपरांत विभिन्न व्यंजनों को एक साथ मिश्रित कर प्रसाद तैयार किया गया और श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
Category: Dharm