Published on November 21, 2026 | Views: 156
मथुरा। भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और बौद्धिक विरासत से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को केएम विश्वविद्यालय में भारत बौद्धिक्स 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान (वीबीयूएसएस) की इस राष्ट्रीय पहल में विश्वविद्यालय के स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) स्तर के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ऑफलाइन माध्यम (ओएमआर शीट और लिखित पुस्तिका) से आयोजित यह परीक्षा 2 घंटे की अवधि की रही, जिसमें विद्यार्थियों के ज्ञान का आंकलन बहुविकल्पीय (एमसीक्यू) और वर्णनात्मक प्रश्नों के माध्यम से किया गया। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हिंदी, अंग्रेजी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने केएम विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की।
केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्रीकिशन चौधरी ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं का मुख्य उद्देश्य आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध भारतीय ज्ञान प्रणालियों और सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराना है, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
केएम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. पूरन सिंह ने परीक्षा संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा हमारे विश्वविद्यालय में इस राष्ट्रीय स्तर की बौद्धिक परीक्षा का आयोजन अत्यंत गर्व का विषय है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में अपनी प्राचीन संस्कृति, परंपरा और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति नई ऊर्जा का संचार होता है। विश्वविद्यालय हमेशा से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे रचनात्मक प्रयासों को बढ़ावा देता रहा है।
परीक्षा के दौरान वीबीयूएसएस के अध्यक्ष प्रो. डॉ. के. के. कनोडिया (प्रेसीडेंट), सचिव डॉ. प्रह्लाद सिंह तथा संयुक्त सचिव प्रो. (डॉ.) भोले सिंह के अलावा परीक्षा संचालन के दौरान केएम विश्वविद्यालय कुलसचिव डा. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक समीक्षा भारद्वाज, सहायक परीक्षा नियंत्रक अनिल चतुर्वेदी, वेटरिनरी कॉलेज के डीन डा. अजय प्रकाश और वेटरिनरी रिसर्च सेंटर के प्राचार्य डा. अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। केएम विश्वविद्यालय प्रशासन और संकाय सदस्यों के सहयोग से परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
Category: Education