PM मोदी बोले-नेपाल के बिना राम और धाम अधूरे, ₹15 हजार करोड़ मदद, हवाई रास्ते पर सहमति

Published on November 23, 2026 | Views: 179

PM मोदी बोले-नेपाल के बिना राम और धाम अधूरे, ₹15 हजार करोड़ मदद, हवाई रास्ते पर सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के साथ रिश्तों को और मजबूत करने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपए की मदद का ऐलान किया। बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए मोदी ने साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

इस दौरान नेपाल-भारत के बीच काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई रूट दोनों तरफ से शुरू करने पर सहमति बनी। इससे लखनऊ से आने वाले विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू पहुंच सकेंगे।

बालेन शाह के भारत दौरे में दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क को लेकर अहम फैसला हुआ है। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी-345) हवाई रास्ते को अब दोनों दिशाओं में इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अभी इस रास्ते का इस्तेमाल नेपाल से भारत जाने वाली उड़ानों के लिए होता है। नए फैसले के बाद भारत से आने वाले विमान भी इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे।

हालांकि, महेंद्रनगर वाले रास्ते पर अभी सहमति नहीं बनी है। दोनों देशों के अधिकारी इस पर बातचीत कर रहे हैं।

नए फैसले से पश्चिमी नेपाल में स्थित भैरहवा के गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान हो सकता है। नेपाल को उम्मीद है कि इससे भैरहवा और पोखरा के हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Category: Delhi


Latest News