यह चुनाव वोट का अधिकार, लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है: अखिलेश यादव

Published on November 25, 2026 | Views: 31

यह चुनाव वोट का अधिकार, लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पार्टी के नेता गांव-मोहल्लों में जाकर सम्मानित मतदाताओं से संपर्क करें और समाजवादी पार्टी को चुनाव जिताने की अपील करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव वोट का अधिकार, लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है।
बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तमाम तरह की साजिश और षडयंत्र कर रही है। वोटर लिस्ट में धांधली और फर्जी वोट बनवाने की कोशिश कर रही है। भाजपा बेईमान और झूठी पार्टी है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करती है। भाजपा से लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। इससे सावधान रहना है। भाजपा को हराना जरूरी है, नहीं तो उत्तर प्रदेश का चुनाव लोकतंत्र का अंतिम चुनाव होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम कन्नौज समेत पूरे प्रदेश के अपने हर एक ‘पीडीए-प्रहरी’ से व्यक्तिगत रूप से कह रहे हैं कि वो निर्वाचन आयोग की हर गतिविधि पर ध्यान रखे और सबूत भी जुटाता रहे तथा एक भी फर्जी वोट नहीं जुड़े और एक भी सही वोट घटे नहीं।
अखिलेश यादव ने कहा कि रही बात ईवीएम की तो जनता कह रही है कैसे विश्वास कर लें? क्योंकि ‘हाथी के दांत दिखाने के और होते हैं और खाने के और। बाकी जनता समझदार है और भाजपा की ‘चंडीगढ़ी चाल’ से परिचित भी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। कार्यकर्ता और नेता मतदाताओं के बीच रहकर उन्हें भाजपा की साजिशों को बताएं। भाजपा नफरत और भेदभाव की राजनीति करती है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। बजट की लूट हो रही है। महंगाई बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हैं। अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने हर वर्ग को अपमानित किया है। 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगी।

Category: Politics


Latest News