श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार आगरा ने श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में आयोजित किया दो दिवसीय 56 भोग मनोरथ उत्सव

Published on December 21, 2025 | Views: 394

श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार आगरा ने श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में आयोजित किया दो दिवसीय 56 भोग मनोरथ उत्सव

गोवर्धन - भक्ति, सेवा और श्रद्धा के अनुपम संगम का अद्भुत दृश्य रविवार को गोवर्धन धाम में देखने को मिला, जब श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय 56 भोग दिव्य छप्पन भोग मनोरथ का प्रथम दिन विधिवत शुभारंभ हुआ।
श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में आयोजित भव्य समारोह हरिओम महाराज के सानिध्य में गोविंदाभिषेक से आरंभ हुआ। 11 ब्राह्मणों ने चांदी की सुरभि गाय से परिक्रमा मार्ग के सभी कुंडों के जल एवं दुग्ध की धार के साथ गोविंद अभिषेक विधिवत संपन्न किया। इसके उपरांत, बैंड-बाजे और भजन मंडलियों के संग सभी सदस्यों ने चांदी के पात्र से सप्तधारा दुग्ध के साथ गोवर्धन महाराज की विराट परिक्रमा का शुभारंभ किया। इस परिक्रमा में गिरिराज जी डोले पर विराजमान रहे और भजन मंडली परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाती रही।
अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन अग्रवाल, मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल एवं नितिन अग्रवाल ने विधिवत रूप से परिक्रमा का मार्गदर्शन किया। अजय गोयल और मनोज कुमार गर्ग ने बताया कि पूरे दिन भक्तजन “श्री गिरिराज धरण हम तेरी शरण के” के जयकारों के साथ परिक्रमा में सम्मिलित रहे।
परिक्रमा के बाद संध्या में सभी श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग स्थल पर भजन संध्या का आनंद लिया और मानव श्रृंखला बनाकर छप्पन भोग सजाने का कार्य संपन्न किया।

सोमवार को गरुण ध्वज रथ पर विराजेंगे ठाकुर जी
श्यामसुंदर माहेश्वरी और पवन अग्रवाल ने बताया कि
सोमवार को ठाकुर जी को बाल भोग में खिचड़ी परोसी जाएगी। इसके बाद महिलाएं सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, मनीष गोयल और प्राची अग्रवाल के नेतृत्व में चांदी के कलश लेकर भाग लेंगी और आयोजन स्थल पर कलश स्थापित किया जाएगा।
मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल ने बताया कि 501 साधु सेवा और भक्तों के लिए ठाकुर जी के दर्शन का शुभारंभ होगा। ठाकुर जी भक्तों को गरुण ध्वज रथ पर विराजित होकर दर्शन देंगे। जिसकी शोभा अद्वितीय होगी। ठाकुर जी का श्रृंगार हीरे के हार, 3:30 फुट के चांदी के छत्र जोकि 11 किलो वजनी है से होगा। ठाकुर जी को 11 किलो के चांदी के थाल में छप्पन भोग परोसे जाएंगे। इसके अलावा सायं अमृत्तुल्य दूध चांदी के बर्तन में अर्पित किया जाएगा। दक्षिण भारतीय कलाकारों द्वारा भजन संध्या एवं झांकी प्रस्तुत की जाएगी। शयन आरती के साथ मनोरथ उत्सव पूर्ण होगा।

81 बसों से आगरा से पहुंचेंगे श्रद्धालु
आरएस गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को आगरा से 81 बसों द्वारा हजारों श्रद्धालु गोवर्धन धाम आयोजन में पहुंचेंगे।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अभिषेक सिंघल, मनीष बंसल, प्रदीप अग्रवाल, योगेश बंसल, राकेश सिंघल, रिंकल अग्रवाल, मनीष गोयल, आरती बंसल, कविता अग्रवाल आदि उपस्थित रहे.

Category: Dharm


Latest News