Published on March 5, 2026 | Views: 355
भरतपुर: गुरुवार को पुलिस लाइन में होली का अनूठा रंग देखने को मिला। जिले की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली और उत्साह के साथ जश्न मनाया। इस खास मौके पर भरतपुर के जिला कलेक्टर कमर चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद भी पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचे और उनके साथ होली के गीतों पर ठुमके लगाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार होली का उल्लास सुबह से ही शुरू हो गया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सबसे पहले एसपी निवास पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें सम्मान के साथ कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। पुलिस लाइन पहुंचने पर कलेक्टर और एसपी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही होली के गीतों की धुन बजी, जवानों का उत्साह देखते ही बना। खुशी में झूमते पुलिसकर्मियों ने कलेक्टर और एसपी को अपने कंधों पर बैठा लिया और पूरे परिसर में नृत्य किया। अधिकारियों ने भी अपने मातहतों का उत्साह बढ़ाते हुए फिल्मी और लोकगीतों पर जमकर डांस किया।
गौरतलब है कि 3 और 4 मार्च को शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मी चौराहों और थानों पर तैनात रहे। मुख्य पर्व पर ड्यूटी निभाने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन सहित सभी थानों और चौकियों में पुलिसकर्मियों ने अपनी “स्वतंत्र होली” मनाई। इस अवसर पर पुलिस लाइन में सभी के लिए सामूहिक भोज की भी व्यवस्था की गई।
Category: Rajasthan