Published on April 24, 2026 | Views: 197
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और अमानवीय है। इस सरकार में सभ्य लोग नहीं हैं। गाजीपुर, से लेकर हाथरस और हरदोई तक बेटियों की हत्याएं हुई, उन्हें न्याय नहीं मिला। गाजीपुर की तरह ही हाथरस में बाल्मीकि समाज की बेटी को न्याय दिलाने के लिए भी दलों के लोग खड़े हुए लेकिन इस सरकार ने न्याय नहीं दिया। भाजपा सरकार के लोगों ने दाह संस्कार के लिए परिवार को अंतिम संस्कार भी नहीं करने दिया। सनातन धर्म में अंतिम संस्कार के लिए कोई नहीं रोकता है, लेकिन भाजपा सरकार ने अंतिम संस्कार करने से भी रोक दिया। उत्तर प्रदेश में कई घटनाएं हुई है, पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि गाजीपुर में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को टारगेट किया जा रहा है। चिह्नित कर एफआईआर किया जा रहा है। गाजीपुर की तरह हरदोई में कुशवाहा समाज की बेटी की निर्मम हत्या हुई, मेरठ के सोनू कश्यप की जान लिया। बिजनौर में सैनी समाज की बेटी की हत्या हो गयी।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए को न्याय दिलाने, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए समाजवादियों को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, चरम पर है। राजधानी लखनऊ में भाजपा भूमाफिया बनकर काम कर रही हैं, कोई भी योजना आने के पहले भाजपा के लोग मिलकर पहले ही जमीनें ले लेते हैं। लखनऊ के सब तालाबों पर कब्जा हो गया है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। उत्तर प्रदेश में गुण्डे और माफिया खुलेआम घूम रहे हैं। इन पर कब कार्रवाई होगी।
लखनऊ में ग्रीन कारिडोर पर सात हजार करोड़ खर्च हो गया, लेकिन हर चौराहे पर टैªफिक रूका रहता है। ग्रीन कारिडोर का मतलब है, यातायात कहीं न रूके। ग्रीन कारिडोर की डिजायन ही खराब कर दी है। लगता है कि ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन इंजीनियरों ने नहीं मुख्यमंत्री जी ने बनायी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अन्याय से हर वर्ग त्रस्त है। अब तो दबी जुबान से पीडीए अधिकारी भी पीडीए की बात कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी जी की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि हम यही से चैनलों के माध्यम से ममता बनर्जी जी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए जनता को परेशान कर रही हैं, लूट कर रही है। स्मार्ट मीटर खरीद में ही बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है। सरकार जनता की जेब काट रही है। जनता की जेब से पैसा निकालकर उद्योगपतियों की जेब में डाल रही है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिजली का एक भी पावर प्लांट नहीं लगाया। जो सोलर प्लांट लगाया है वह सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगाया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इसी तरह से सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट कर दिया है। सरकारी अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी में इलाज नहीं मिल रहा है। लीवर, किडनी और हार्ट के मरीजों को इलाज नहीं मिलता है। समाजवादी सरकार ने कैंसर का रिसर्च इंस्टीट्यूट बनाया था, ऐसा रिसर्च इंस्टीट्यूट दिल्ली में भी नहीं है। इस सरकार ने खराब कर दिया है। वहां डॉक्टर और सुविधाएं नहीं है। सरकार संस्थानों में डायरेक्टर, इलाज और सुविधाओं के लिए नहीं अपने राजनीतिक लाभ के लिए बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार आयेगी तभी बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही है। पर्याप्त खरीद केन्द्र नहीं है। प्राइवेट लोगों को लाइसेंस दे दिया गया है, वही गेंहू खरीद रहे है। सरकार ने किसानों के गेंहू खरीद को लेकर तरह-तरह की शर्ते लगाकर उन्हें उलझा दिया है, जिससे किसानों का गेंहू बिचौलियों से होते हुए बाजार के बड़े-बड़े आटा व्यवसायियों तक पहुंच जाए। मार्केट में आटा बनाने के लिए दो-चार बड़ी कम्पनियां है वही सबसे ज्यादा गेंहू खरीद रही हैं। सारा गेंहू उन्हीं के पास पहुंच रहा है। किसान की पैदावार को हड़प कर बड़ी कम्पनियां मुनाफा कमा रही है।
लखनऊ, गाजियाबाद समेत कई जगहों पर आग लगने की घटनाओं को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि जमीनें खाली करवाने के लिए भाजपा के लोग आग लगवा रहे है। जहां आग लग रही है, वहां समय पर न फायर ब्रिगेड और न एंबुलेंस पहुंच रही है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा महिलाओं की आवाज दबाती रही है। भाजपा ने महिलाओं को कभी न्याय नहीं दिया है। भाजपा पीडीए का हक छीनना चाहती है। महिला आरक्षण पर भाजपा के मन में खोट है। वह महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है। भाजपा महिला आरक्षण पर झूठ प्रचार कर रही है। महिलाओं को आरक्षण के साथ संरक्षण की जरूरत है |
Category: Politics