Published on April 25, 2026 | Views: 170
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सचिव/निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश, माला श्रीवास्तव के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद रायबरेली क्षेत्र में एक विशेष आकस्मिक प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। यह अभियान रायबरेली से उन्नाव बॉर्डर तथा फतेहपुर बॉर्डर तक चलाया गया, जिसमें निदेशालय स्तर से विशेष सचिव व अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग श्री अरुण कुमार के नेतृत्व में खान अधिकारी, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या एवं निदेशालय के सहायक रसायनज्ञ की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान उपखनिजों का परिवहन कर रहे वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहनों पर नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल लगभग 5,23,840 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
सचिव/निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म, उत्तर प्रदेश, माला श्रीवास्तव ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन केवल वैध आईएसटीपी (इन्टरस्टेट ट्रांजिट पास ) के साथ ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपदों में स्थित खनन क्षेत्रों पर ही स्रोत स्तर पर लोडिंग मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, जिससे परिवहन के दौरान नियमों का उल्लंघन न हो।
इसके अतिरिक्त, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्थापित आईओटी आधारित पीटीजेड ( घूमने और ज़ूम करने वाला स्मार्ट कैमरा एवं एएनपीआर (नंबर प्लेट पहचानने वाला ऑटोमैटिक सिस्टम) कैमरों से युक्त चेकगेट्स को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहनों की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सचिव/निदेशक ने समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेश में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर और प्रभावी ढंग से संचालित की जाए। उन्होंने कहा है कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यवाही में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग श्री अरूण कुमार ने
सम्बंधित अधिकारियो को निर्देश दिये है कि सभी कार्य नियमो के अनुरूप ही होने चाहिए।
विभाग यह सख्त कार्यवाही अवैध खनन पर अंकुश लगाने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण एवं सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Category: Uttar pradesh