राहुल ने दिखाया खड़गे का भाषण, PM से दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Published on August 29, 2026 | Views: 282

राहुल ने दिखाया खड़गे का भाषण, PM से दोषियों पर कार्रवाई की मांग

संसद में मामला उठाए जाने के बाद भी हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली स्थल का कथित शुद्धिकरण करने की घटना के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने का मुद्दा अब सियासी विवाद बढ़ता दिख रहा है।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को खरगे की रैली के बाद भाजपा-आरएसएस के कार्यकर्ताओं द्वारा मंच का शुद्धिकरण किए जाने को छुआछूत और एससी-एसटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध करार देते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

शुद्धिकरण कुछ और नहीं छुआछूत- राहुल
नेता विपक्ष ने उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के शुद्धिकरण को सही ठहराने पर आक्रोश जताते हुए कहा कि शुद्धिकरण कुछ और नहीं छुआछूत है और भाजपा-आरएसएस की यह सोच साफ दिख रही है कि वे नहीं चाहते कि दलित तरक्की करें, सम्मान के साथ जिएं।

कांग्रेस नेता ने भाजपा को यह चेतावनी भी दी कि एफआइआर दर्ज नहीं किया गया तो उनकी पार्टी इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने की लड़ाई लड़ेगी। राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में विशेष प्रेस कांफ्रेंस में घटना के 20 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दलित विरोधी विचारधारा साफ दिखाई दे रही है।

यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि देश के हर दलित के सम्मान से जुड़ा मामला है और भाजपा-आरएसएस की दलित-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी उन्हें बचकर निकलने नहीं देगी और खरगे के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी।

राहुल गांधी ने संविधान और मनुस्मृति की प्रतियां दिखाते हुए कहा कि आज देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ संविधान है और दूसरी तरफ भाजपा-आरएसएस की विचारधारा है।

Category: Delhi


Latest News