मथुरा पुलिस लाइन में 'मिशन शक्ति' केंद्रों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट कार्य पर महिला कर्मियों को मिली 'गुड एंट्री'

Published on August 31, 2026 | Views: 229

मथुरा पुलिस लाइन में 'मिशन शक्ति' केंद्रों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट कार्य पर महिला कर्मियों को मिली 'गुड एंट्री'

ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।

जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने की दिशा में 31 अगस्त को पुलिस लाइन मथुरा स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण 'उन्मुखीकरण' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के सभी पुलिस थानों में बनाए गए 'मिशन शक्ति केंद्र' के प्रभारियों तथा केंद्रों में नवनियुक्त पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया।
​कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को उनके उत्तरदायित्वों के प्रति और अधिक संवेदनशील और दक्ष बनाना था। इस दौरान एक विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी कर्मियों को उनके कर्तव्यों की रूपरेखा समझाई गई। बैठक के दौरान मिशन शक्ति पोर्टल पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर की जा रही त्वरित कार्रवाई, एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा चलाए जा रहे अभियानों और महिला बीट कर्मियों के मैदानी प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई।
​उत्कृष्ट कार्यशैली और सराहनीय निष्पादन के लिए पांच महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित करते हुए "गुड एंट्री" प्रदान की गई, जिनमें
​थाना छाता से पूजा,
​थाना सदर बाजार से प्रिया,
​थाना जैत से गुड़िया,
​थाना शेरगढ़ से उज्ज्वला और
​थाना हाईवे से शालिनी शामिल हैं।
​कार्यक्रम के अंतिम चरण में मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित 30 महत्वपूर्ण प्रश्नों की एक विशेष प्रश्नावली तैयार कर कर्मियों का ग्रुप टेस्ट लिया गया, जिससे उनकी व्यावहारिक दक्षता का मूल्यांकन किया जा सके। इस आयोजन से महिला सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।

Category: Uttar pradesh


Latest News