Published on September 2, 2026 | Views: 1039
अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी कामकाज की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. लंबे समय से व्यवस्था में फेरबदल की चर्चा चल रही थी, जिस पर बुधवार को हुई बैठक में मुहर लग गई. अब तक ट्रस्ट में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे गोविंद देव गिरि को नया महासचिव बनाया गया है, जबकि दिल्ली के महेश भागचंदका को नया कोषाध्यक्ष चुना गया है. इसके साथ ही मंदिर से जुड़े कामकाज को बेहतर तरीके से संभालने के लिए पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO का पद भी तय किया गया है.
यह बैठक कई मायनों में खास रही. चंपत राय और अनिल मिश्रा के हटने तथा विमलेंद्र मोहन के निधन के बाद ट्रस्ट में तीन जगहें खाली हुई थीं. इन जगहों पर नए सदस्यों की नियुक्ति के साथ ही ट्रस्ट की आगे की जिम्मेदारियां भी तय की गईं. बैठक के बाद ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन ने इन फैसलों की जानकारी दी.
ट्रस्ट के इस बदलाव में सिर्फ नए चेहरे ही नहीं आए हैं, बल्कि कामकाज की जिम्मेदारियों में भी बदलाव हुआ है. 16 लोगों के इंटरव्यू के बाद तीन नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया था. इनमें एयर मार्शल जितेंद्र जितेंद्र मिश्र, मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह और श्रुति भारद्वाज शामिल थे. आखिरकार जितेंद्र मिश्र के नाम पर मुहर लगी और उन्हें ट्रस्ट का पहला CEO बनाया गया. वायुसेना में करीब 39 साल का अनुभव रखने वाले जितेंद्र मिश्र अब मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे
Category: Big news