सुगंधित द्रव्यों के अभिषेक से महका स्वामी हरिदास जी आविर्भाव महोत्सव

Published on September 15, 2026 | Views: 47

सुगंधित द्रव्यों के अभिषेक से महका स्वामी हरिदास जी आविर्भाव महोत्सव

वृंदावन। श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आयोजित 546वें स्वामी हरिदास जी आविर्भाव महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से लेकर सायंकाल तक चले विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर स्वामी हरिदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि प्रातःकालीन बेला में स्वामी हरिदास जी महाराज का दिव्य अभिषेक अत्यंत श्रद्धा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य संपन्न कराया गया। अभिषेक के दौरान विभिन्न सुगंधित द्रव्यों, इत्र, पुष्प-सुगंध युक्त जल एवं अन्य दिव्य सुगंधित सामग्री का प्रयोग किया गया। अभिषेक के समय संपूर्ण मंदिर परिसर दिव्य सुगंध से महक उठा और उपस्थित श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद से सराबोर हो गए। इस अवसर पर भक्तों ने स्वामी हरिदास जी महाराज के जयकारों के साथ भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

अभिषेक के उपरांत आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन एवं हरिनाम संकीर्तन का आनंद लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने स्वामी हरिदास जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बाल कलाकारों ने भक्तिमय नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसी क्रम में महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज के द्वारा बच्चों को पुरस्कृत कर उन्हें आशीर्वाद दिया

इसके उपरांत आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक विष्णु बावरा ने अपने मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। राधा-कृष्ण एवं स्वामी हरिदास जी महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए प्रस्तुत किए गए भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरा परिसर भक्ति के स्वर, हरिनाम संकीर्तन और जयकारों से गुंजायमान रहा।

महोत्सव में बड़ी संख्या में संत, महंत, रसिक भक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय आविर्भाव महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, संत सत्संग, भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती सहभागिता उत्सव की गरिमा को और बढ़ा रही है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर डॉ सत्यानंद सरस्वती अधिकारी गुरु, आचार्य अश्वनी, हरिओम शास्त्री, योगेश गर्ग, उमेश, पुरुषोत्तम, नवल सखी, अभिलाख आदि उपस्थित रहे।

Category: Dharm


Latest News