CJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्ता परिवर्तन की मांग, नेहा बोरा और प्रशांत भूषण का बयान

Published on October 15, 2026 | Views: 191

CJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्ता परिवर्तन की मांग, नेहा बोरा और प्रशांत भूषण का बयान

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने गुरुवार को दिल्ली में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें नेहा के बोलने से पहले कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। दीपके ने कहा- सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए तिरंगा फहराना भी अपराध बना दिया है।

सीनियर एडवोकेट प्रशांत भूषण और एक्टर प्रकाश राज भी प्रेस कॉन्फ्रेंस शामिल हुए। प्रशांत भूषण ने कहा- सरकार की बर्बरता जारी रही, तो सरकार बदलनी होगी। लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई सिविल सोसायटी और युवाओं के नेतृत्व में लड़ी जाएगी।

इस बीच, दिल्ली हाईकोर्ट ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में CJP के प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश देने से इनकार कर दिया। CJP ने SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) ने एक नोटिस में कहा है कि प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को लोगों के लिए बंद रहेगा। यह कदम शुक्रवार को पार्क में होने वाले सीजेपी के लहरा दो तिरंगा मार्च से पहले उठाया गया है।

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने गृह मंत्री अमित शाह को लेटर लिखकर कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा मार्च’ को अनुमति नहीं देने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के करीब 20 लाख व्यापारियों में चिंता है।

वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट में कनॉट प्लेस के एक दुकानदार ने अपनी याचिका कहा- कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है और प्रदर्शन के कारण वीकेंड में भी कारोबार को नुकसान हो सकता है। CTI ने 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से कारोबार को ₹2,000 करोड़ का नुकसान होने का दावा किया था।

दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया कि 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को काबू करने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे। यह आश्वासन कनॉट प्लेस के एक दुकानदार की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

दुकानदार ने प्रदर्शन के कारण कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई थी। याचिकाकर्ता व्यापारियों के वकील ने कहा कि CJP के प्रदर्शन को रोका जाना चाहिए, क्योंकि कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है।

वकील ने दावा किया कि पिछले एक हफ्ते से व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वीकेंड पर प्रदर्शन के कारण उन्हें और नुकसान उठाना पड़ सकता है। हाईकोर्ट ने पुलिस का आश्वासन रिकॉर्ड पर लिया। मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी।

Category: Politics


Latest News