Published on November 21, 2026 | Views: 286
रूस ने लगातार दूसरी रात यूक्रेन को निशाना बनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर रूस ने शुक्रवार रात मिसाइल हमला किया।
जेलेंस्की के मुताबिक, हमले के बाद शहर में चार जगह आग लगी। 25 अपार्टमेंट इमारतों के साथ अस्पताल, स्कूल, दुकानों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
इसमें 7 साल के बच्चे और 20 साल की युवती की मौत हो गई। वहीं, 6 बच्चों समेत 60 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन ने भी रूस के सीमावर्ती इलाकों ब्रियांस्क और बेलगोरोद में ड्रोन हमले किए। इनमें 3 लोग घायल हुए हैं।
क्रिवी रिह पर हमले से कुछ घंटे पहले पोलैंड में दो रूसी मिसाइलें और एक संदिग्ध ड्रोन गिरा था। पोलैंड के प्रधानमंत्री ने इसे उकसावे की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके देश में चल रहे यूरोपीय देशों के सैन्य अभ्यास के दौरान हुई।
दरअसल, पोलैंड के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में सैन्य अभ्यास चल रहा है। इसमें शुक्रवार को यूरोपीय देशों की सेनाएं शामिल हुईं। इस अभ्यास में सैनिकों को यूक्रेन में युद्ध खत्म होने के बाद संभावित शांति मिशन के लिए तैयार किया जा रहा है।
इस मिशन का मकसद यूक्रेन में हालात संभालने और उसकी सेना को दोबारा मजबूत बनाने में मदद करना है। यूरोपीय देश पहले भी रूस पर पूरे महाद्वीप में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाते रहे हैं। पोलैंड में मिसाइलें और ड्रोन गिरने की घटना से रूस और यूरोपीय देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
Category: Internation News