FBI का मोस्ट वॉन्टेड ड्रग माफिया गिरफ्तार, स्टेडियम में ऑपरेशन

Published on November 21, 2026 | Views: 225

FBI का मोस्ट वॉन्टेड ड्रग माफिया गिरफ्तार, स्टेडियम में ऑपरेशन

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल ड्रग माफिया फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को मैक्सिको की सेना ने गिरफ्तार कर लिया है। CNN के मुताबिक, एक बेसबॉल मैच के दौरान शुक्रवार रात उसे पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया गया।

इस दौरान हेलिकॉप्टर से भी फायरिंग की गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर दर्शक स्टेडियम से भागने लगे और खिलाड़ियों को भी मैदान छोड़ना पड़ा।

ड्रग माफिया इसिद्रो मैक्सिको के गुआसावे शहर में सक्रिय मेजा-फ्लोरेस क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख है।

FBI के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस पर अमेरिका में बड़ी मात्रा में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटानिल और गांजा पहुंचाने, रखने और उनकी सप्लाई करने का आरोप है।

FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 50 लाख डॉलर यानी करीब 46 करोड़ रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था।

मेजा फ्लोरेस पर 2019 में ड्रग तस्करी और हथियार रखने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। इससे पहले 2012 में भी उस पर ड्रग तस्करी के आरोप लगे थे।

अमेरिका दुनिया के सबसे बड़े ड्रग बाजारों में से एक है। मेक्सिको से यहां कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन और फेंटानिल जैसे नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचती है।

अमेरिकी ड्रग एजेंसी के मुताबिक, सिनालोआ और जलिस्को न्यू जनरेशन जैसे कार्टेल इस कारोबार में शामिल हैं। ये गिरोह ड्रग्स बनाने से लेकर उनकी सप्लाई तक का काम करते हैं।

इनमें फेंटानिल अमेरिका के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है। इसकी थोड़ी सी ज्यादा मात्रा भी जानलेवा हो सकती है। अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी CDC के मुताबिक, 2025 में फेंटानिल से करीब 38 हजार लोगों की मौत हुई, जबकि 2024 में यह आंकड़ा करीब 50 हजार था।

वहीं, मेक्सिको में ये गिरोह इतने ताकतवर हो चुके हैं कि कई इलाकों में पुलिस और सरकारी अधिकारियों को भी चुनौती देते हैं। हथियारों, धमकियों और रिश्वत के दम पर ये अपना कारोबार चलाते हैं। कई जगह लोग इनके डर में रहते हैं और स्थानीय प्रशासन भी इनके खिलाफ कार्रवाई करने से बचता है।

Category: Internation News


Latest News