संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

Published on November 22, 2026 | Views: 179

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।

डीसीसी केंद्र पर सामान्य सवालों और उनके जवाबों की बुकलेट रखने के दिए निर्देश।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ गरिमा स्वरूप ने रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में बनाए गए ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्वाचन संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला नियंत्रक केंद्र (डीसीसी) को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र पर तैनात कर्मचारी सामान्य रूप से पूछे जाने वाले प्रश्नों और उनके उत्तरों की एक बुकलेट अपने पास अनिवार्य रूप से रखें, ताकि निर्वाचन से जुड़ी जानकारी लेने आने वाले आमजन और अन्य लोगों की जिज्ञासाओं का त्वरित एवं सही समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, तहसीलदार न्यायिक सदर कृष्ण गोपाल मिश्रा, स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीन दयाल, जिला मास्टर ट्रेनर मनीष दयाल तथा निर्वाचन कार्यालय से श्रुति सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Category: Latest news


Latest News