Published on November 27, 2026 | Views: 164
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर फार्म 6 के जरिए करोड़ों फर्जी वोट जोड़ने का षडयंत्र कर रही है। एसएसआर के बाद फार्म 6 के आवेदनों में 22 गुना की बढ़ोत्तरी हुई है। एसआईआर के बाद जिन-जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट कम हुए थे वहां पर फिर से वोट बढ़ना शुरू हो गये हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से सोची-समझी रणनीति के तहत मतदाताओं की संख्या को लेकर बयानबाजी की जा रही है। मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख हिन्दू मतदाता हटा दिये गये हैं तो मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से बात आयी है कि ढ़ाई करोड़ वोटर गायब हैं। आखिर झूठ कौन बोल रहा है। मुख्यमंत्री जी झूठ बोल रहे हैं या निर्वाचन अधिकारी।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेसकांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि करोड़ो मतदाताओं के नाम गायब होने का शोर इसलिए मचाया जा रहा है ताकि अन्तिम मतदाता सूची आने पर एक महीने के अन्दर जो करोड़ो वोटर जोड़ने की साजिश है उस पर सवाल न उठे। उन्होंने कहा कि जल्दी ही एक प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से हम लोग मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर उन्हें जोड़े जा रहे फर्जी वोटरों की जानकारी देंगे और कार्यवाही की मांग करेंगे। अगर कार्यवाही नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर 17 नवम्बर तक मतदाता सूची में 2 लाख 84 हजार फर्जी वोट जुड़वाये हैं। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इसकी शिकायत की है।
अखिलेश यादव ने इलाहाबाद दक्षिण, गाजियाबाद, गोरखपुर शहरी, इलाहाबाद पश्चिम, वाराणसी कैण्ट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए बताया कि इन शहरी क्षेत्रों में एसआईआर के बाद हर 1 हजार वोटरों पर 5 से 7 डुप्लीकेट वोटर जोड़े गये है। अखिलेश यादव ने कहा कि 15 अक्टूबर 2026 को हमने आडिट जारी कर बताया था कि वोटरलिस्ट में लाखों डुप्लीकेट वोटर हैं। समाजवादी पार्टी ने सभी फर्जी वोटरो के विवरण के साथ चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन 17 नवम्बर 2026 जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अब भी लाखों डुप्लीकेट वोटर है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के एसएसआर की प्रक्रिया चलने के बाद भी प्रदेश में बड़ी संख्या में अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग हो रहे है। इन ट्रांसफर पोस्टिंग से किसे फायदा पहुंचाया जा रहा है। चुनाव आयोग ने इसपर संज्ञान क्यों नहीं लिया।
अखिलेश यादव ने मांग की कि चुनाव आयोग बताये कि समाजवादी पार्टी द्वारा अब तक दिये गये लाखों डुप्लीकेट वोटरों में से कितने हटाये गये। चुनाव में लड़ने वाली ड्यूटी में प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों में कम-से-कम 50 प्रतिशत अधिकारी पीडीए के हो। उन्होंने एक बार फिर वोटर आईडी कार्ड को आधार से जोड़ने की मांग करते हुए बायोमेट्रिक सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वोटर आईडी कार्ड मेटल का बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति का आधार कार्ड है और बायोमेट्रिक भी है तो उसे मतदान सूची से क्यों नहीं जोड़ा जा रहा है।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी। आज तक भाजपा ने जितने भी बड़े फैसले लिए उससे जनता को कोई लाभ नहीं हुआ। नोटबंदी का उदाहरण देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के दौरान सरकार ने कहा था कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। मंहगाई कम हो जाएगी लेकिन नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय कई गुना बढ़ गया है। मंहगाई चरम पर है। रसोई गैस, बिजली के बिल, डीजल-पेट्रोल, चीनी से लेकर सभी खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ गये है। जनता परेशान है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। सीमाएं सिकुड रही है। चीन लगातार भाजपा सरकार में देश की सीमा में घुसपैठ कर रहा है। भाजपा सरकार के पास इन मामलों का कोई जवाब नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बताये कि 2014 में भारत का क्षेत्रफल क्या था और 2026 के बाद क्या है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा 2027 का चुनाव हारने जा रही है। डरी हुई है। इसीलिए परिसीमन का बिल लाना चाहती है। कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम दोनों पार्टियां बैठकर बात कर लेंगे। गठबंधन होगा। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा। दोनों पार्टियां मिलकर जीतने वाले प्रत्याशियों को समायोजित करेंगी। समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की पूरी तैयारी है। हम जीतने वाले प्रत्याशियों पर काम कर रहें है। जनता भी जीत वाले प्रत्याशी को देखना चाहती है। समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा वादे पूरे किये हैं और अपनी सरकारों में वादो से भी ज्यादा काम किया है। प्रणपत्र में जितने भी वादे किये गये हैं पार्टी ने सब का आंकलन किया है और किस तरह से पूरा किया जाएगा, उस पर होमवर्क हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। भाजपा जो वादे करती है उसे पूरा नहीं करती है। भाजपा ने स्मार्टसिटी बनाने का वादा किया था लेकिन कहीं भी स्मार्ट सिटी दिखाई नहीं पड़ रही है। वह केवल बोर्ड में ही है !
Category: Politics