Published on November 27, 2026 | Views: 230
लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।
सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।
16 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था। उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी।
अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।
मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पेश किए थे। तर्क दिया कि 2029 चुनाव तक महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए इन्हें पारित होना जरूरी है।
विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया। इसके विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया। वोटिंग के दौरान सदन में कुल 528 सांसद मौजूद थे।
संविधान संशोधन पारित कराने के लिए मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस हिसाब से विधेयक को कम से कम 352 वोट चाहिए थे। विधेयक को 298 वोट ही मिले, यानी यह 54 वोट से पास नहीं हो सका।
Category: Delhi