Published on September 24, 2025 | Views: 261
मथुरा:- उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने शुरु की तैयारियां, सीईओ श्याम बहादुर सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
दिवाली के बाद एक बार फिर ब्रजभूमि सांस्कृतिक रंगों और परंपराओं से सराबोर होगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने परम्परागत ब्रज रज उत्सव की तिथियां घोषित कर दी हैं। इस बार यह 11 दिवसीय आयोजन 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक मथुरा में धूमधाम से मनाया जाएगा।
बुधवार को परिषद कार्यालय सभागार में सीईओ श्याम बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उत्सव की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्सव में ब्रज के स्थानीय कलाकारों के साथ देश के प्रख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जो सांस्कृतिक विविधता का परिचय देंगी।
मनोरंजन और आकर्षण के लिए झूले, खान-पान के स्टॉल, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और लोककलाओं का प्रदर्शन भी मेले का हिस्सा होंगे। बैठक में तय किया कि आयोजन की भव्यता बढ़ाने के लिए विशेष सजावट और व्यवस्थाएं की जाएंगी।
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि ब्रज रज उत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि ब्रज की परंपरा, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत मंच है, जिसका इंतजार हर साल श्रद्धालु और पर्यटक करते हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के साथ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का यह सयुंक्त प्रयास है।
बैठक में एसीईओ मदन चंद्र दुबे, वित्त अधिकारी विनय सिंह, गीता शोध संस्थान वृंदावन के निदेशक प्रो. दिनेश खन्ना, उमेश चंद्र शर्मा, चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, अनूप शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Category: Big news