वृंदावन मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बस ने छीनी परिवार के मुखिया की जिंदगी, एक झटके में बुझ गया घर का चिराग, सड़क हादसे से गांव में शोक की लहर

Published on September 14, 2026 | Views: 204

वृंदावन मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बस ने छीनी परिवार के मुखिया की जिंदगी, एक झटके में बुझ गया घर का चिराग, सड़क हादसे से गांव में शोक की लहर

वृंदावन। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्रूर गांव निवासी 40 वर्षीय किशन पुत्र हरप्रसाद सुबह अपने कार्य से वृंदावन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वात्सल्य ग्राम के निकट विपरीत दिशा से आ रही एक टूरिस्ट बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा प्रशासन से आर्थिक सहायता और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे। मांगों को लेकर लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे मथुरा-वृंदावन मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वृंदावन, जैंत और गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मार्ग पर यातायात को सुचारु कराया।

परिजनों के अनुसार मृतक किशन पापड़ी चौराहे पर सब्जी का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मृत्यु होना सामने आया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित पात्र योजनाओं का लाभ पीड़ित परिवार को दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के प्रभावी पालन की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

Category: Crime


Latest News