जज के सरकारी आवास में चोरी, लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस समेत लाखों के जेवरात ले गए चोर

Published on September 7, 2026 | Views: 193

जज के सरकारी आवास में चोरी, लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस समेत लाखों के जेवरात ले गए चोर

ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित जज कॉलोनी में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास को चोरों ने निशाना बना लिया। घर का ताला और कुंडी तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और न्यायिक अधिकारी की लाइसेंसी पिस्टल व जिंदा कारतूस चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वरुण कौशिक जज कॉलोनी के आवास संख्या J-9 में रहते हैं। उनकी पत्नी प्रिया कुमारी के अनुसार, चार सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह और उनके पति मकान पर ताला लगाकर अपने गृह जनपद रोहतक चले गए थे। छह सितंबर की सुबह करीब 11:15 बजे डिलीवरी बॉय से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके आवास का ताला खुला हुआ है।
इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए घर की स्थिति देखी तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा मिला। अंदर बेडरूम का ताला भी टूटा हुआ था। घर में सामान बिखरा पड़ा था। आशंका है कि अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के मुताबिक, चोर घर से आठ जोड़ी सोने के कुंडल, दो सोने की अंगूठियां, सोने की चेन पेंडेंट सहित, रुद्राक्ष लगी सोने की चेन, दो सोने की नथिया, दो चांदी के सिक्के और 100 ग्राम चांदी का बिस्किट चोरी कर ले गए। इसके अलावा 25 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है।
सबसे गंभीर बात यह है कि चोर न्यायिक अधिकारी की लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल और उसके जिंदा कारतूस भी चोरी कर ले गए।
जज की पत्नी के द्वारा सदर थाना में चोरी के मामले में तहरीर दी गई है। जिसमें
पीड़िता की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने मु0अ0सं0 273/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरी हुई लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Category: Crime


Latest News