सोना कारोबारी से लूट का खुलासा, पुलिसकर्मी समेत पांच गिरफ्तार, 844 ग्राम सोना, 1.82 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो बरामद, चार आरोपी फरार

Published on November 26, 2026 | Views: 292

सोना कारोबारी से लूट का खुलासा, पुलिसकर्मी समेत पांच गिरफ्तार, 844 ग्राम सोना, 1.82 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो बरामद, चार आरोपी फरार

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सोना कारोबारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए पुलिसकर्मी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कारोबारी को बस से उतारा और सोने से भरा बैग लूट लिया था।

पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर की रात जौनपुर से दिल्ली जा रहे कारोबारी महेंद्र दास की बस खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास रुकवाई गई थी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जबरन स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर मोबाइल, नकदी और सोने के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।

*पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशन में गठित दस टीमों ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पांच आरोपियों प्रीतम सोनी, अविनाश शाही, राहुल चौहान, दुर्गेश कुमार कुशवाहा और तिलक मांझी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लखनऊ में तैनात एक पुलिस सिपाही भी शामिल है*।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 844 ग्राम सोने के आभूषण व टुकड़े, 1 लाख 82 हजार 500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सोने के कारोबार से जुड़े लोगों ने मिलकर इस लूट की साजिश रची थी।

मामले में विनय शंकर, रविशंकर, सागर सेठ समेत चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। कार्रवाई में सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस, सर्विलांस सेल दक्षिणी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम शामिल रही।

Category: Crime


Latest News